भाटपाड़ा हिंसा मामले में 14 गिरफ्तार, भाजपा ने किया थाना घेराव

कोलकाता । उत्तर 24 परगना के भाटपाड़ा में गुरुवार को दो समुदायों के बीच हुई गोलीबारी और बमबारी में एक 17 साल के किशोर समेत दो लोगों की मौत के बाद  इलाके में तनाव व्याप्त है। इस घटना में रात भर छापेमारी अभियान चलाकर पुलिस ने कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। इधर शुक्रवार को इस घटना के खिलाफ बैरकपुर से नवनिर्वाचित भाजपा सांसद अर्जुन सिंह के नेतृत्व में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाटपाड़ा थाना और बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट का घेराव किया है।
अर्जुन सिंह ने इस घटना में पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस की गोली से ही दो निर्दोष लोगों को मौत के घाट उतारा गया है। खबर है कि मारे गए दोनों लोगों के शवों को लेकर शाम के समय भाजपा कार्यकर्ता रैली भी कर सकते हैं। इसकी वजह से पूरे क्षेत्र में एक बार फिर हिंसक हालात बनने की आशंका है। परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए इलाके में शुक्रवार को भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के साथ रैपिड एक्शन फोर्स (रैफ) और कॉम्बैट फोर्स की तैनाती की गई है़।  
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार ठोस निर्देश दिया था कि 72 घंटे के अंदर पूरे क्षेत्र में शांति बहाल की जानी चाहिए। इसे लेकर अर्जुन सिंह ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जिनके इशारे पर हिंसा हो रही है वह शांति बहाली का निर्देश दे रही हैं। सच यह है कि पुलिस घर में घुसकर हिंदुओं को मार पीट रही है। जिन दो लोगों को मारा गया है उनमें से एक गोलगप्पे (फुचका)  बेचता था और दूसरा मिठाई दुकान में काम करता था। पुलिस जब इनके घर में घुसकर इन्हें मारने पीटने लगी तो ये लोग जान बचाने के लिए भाग रहे थे तो इन्हें प्वाइंट ब्लैंक रेंज से गोली मार दी गई। लोगों की मौत पुलिस की गोली से हुई है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि उन्होंने कोई गोली नहीं चलाई है।  गुरुवार को हुई हिंसा के बाद क्षेत्र के अधिकतर लोगों ने अपने-अपने घरों में ताला लगाकर जगह छोड़ दी है। पूरे क्षेत्र में पुलिस पिकेट लगाए गए हैं। शुक्रवार को भी इलाके में पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ है। 

 उल्लेखनीय है कि  गुरुवार को हुई हिंसा की घटना में 17 साल के रामबाबू साव और 35 वर्षीय धर्मवीर साव की मौत हुई है। पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल है। उन्हें कोलकाता के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद राज्य सरकार ने पुलिस आयुक्त तन्मय रायचौधुरी का तबादला कर दिया था और उनकी जगह पर नए पुलिस आयुक्त मनोज कुमार वर्मा ने पदभार संभाल लिया है। वे पूरी घटना कि निगरानी खुद कर रहे हैं। पुलिस की ओर से बताया गया है कि जिलाधिकारी की ओर से लगाई गई धारा 144 शुक्रवार को भी जारी है। इसके अलावा बैरकपुर और बनगांव महकमा के पूरे क्षेत्र में इंटरनेट बंद रखी गई है ताकि किसी तरह की अफवाह फैलाकर हिंसा को बढ़ावा नहीं दिया जा सके। इसकी वजह से दक्षिणेश्वर से लेकर गारुलिया तक इंटरनेट काम नहीं कर रहा है। शुक्रवार को भी यही स्थिति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.