महाशिवरात्रि पर सजे शिवालय

जींद । महाशिवरात्रि पर्व को लेकर जिलाभर के शिवालय पूरी तरह से सज गए हैं। महाशिवरात्रि को लेकर मंदिरों में चल रही तैयारियों से वातावरण भी शिवमय हो गया है। शुक्रवार को तड़के से ही बम भोले के जयघोष गूंजने लगेंगे और यह क्रम पूरे दिन जारी रहा। महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए मंदिरों को दुल्हन की तरह सजाया गया है। स्थानीय मंदिरों में जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो, इसके लिए विशेष कदम उठाए गए हैं। जयंती देवी मंदिर के पुजारी नवीन शास्त्री ने बताया शिवभक्तों के लिए देवों के देव महादेव की अराधना का सबसे विशेष दिन महाशिवरात्रि है जोकि शुक्रवार को मनाया जाएगा। इस खास दिन पर 59 सालों के बाद शश योग बन रहा है। इस दिन शनि और चंद्र मकर राशि में होंगे। गुरू धनु राशि में, बुध कुंभ राशि में तथा शुक्र मीन राशि में होंगे। साथ ही शुभ कार्यों को संपन्न करवाने वाला स्वार्थ सिद्धि योग भी इस दिन बन रहा है। साधना सिद्धि के लिए भी यह योग खास माना जाता है। सर्वार्थ सिद्धि योग शुक्रवार को सुबह 09 बजकर 14 मिनट से बन रहा है जो 22 फरवरी को सुबह 06 बजकर 54 मिनट तक है। ज्योतिष के अनुसार इस बार शिवरात्रि पर शुक्र अपनी उच्च राशि मीन में होगा और शनि मकर में। यह एक दुर्लभ योग है, जिसमें भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा उत्तम मानी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.