रेल नेटवर्क से 2022 तक जुड़ जाएंगी 4 पूर्वोत्तर राज्यों की राजधानी : कोविंद

नई दिल्ली । राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पूर्वोत्तर भारत में रेल का जाल बिछाने के लिए केंद्र सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जल्द ही चार पूर्वोत्तर राज्यों की राजधानियां रेल नेटवर्क से जुड़ जाएंगी। इससे दिल्ली से पूर्वोत्तर राज्यों की दूरी कम होगी। राष्ट्रपति ने शुक्रवार को बजट सत्र के पहले दिन संसद के केन्द्रीय कक्ष में दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2022 तक सिक्किम, मिजोरम, मणिपुर और नागालैंड की राजधानियां रेल नेटवर्क से जुड़ जाएंगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली से पूर्वोत्तर की भौगोलिक दूरी से अधिक वहां के लोगों को दिलों की दूरियां खटकती थीं। केंद्र सरकार ने पिछले पांच वर्षों में अथक परिश्रम करके इस स्थिति को बदला है। पूर्वोत्तर में कनेक्टिविटी बढ़ाने,  इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने और लोगों का जीवन आसान बनाने के लिए अभूतपूर्व गति से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगरतला-अखौरा रेल लिंक पर भी काम तेजी से चल रहा है। दिव्यांगजनों के लिए 700 से ज्यादा रेलवे स्टेशनों को सुगम्य बनाया है। हाल ही में भारतीय रेल के प्रबंधन को भी पुनर्गठित किया गया है।  यह पारदर्शिता, बेहतर समन्वय और कार्य शैली और तेजी से निर्णय लेने को सुनिश्चित करेगा। राष्ट्रपति ने कहा कि रेलवे में मेक इन इंडिया को प्रोत्साहित किया जा रहा है। वंदे भारत और तेजस एक्सप्रेस के रूप में पूरी तरह से भारत में बन रही आधुनिक रेलगाड़ियों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.