हरियाणा राज्य रैंकिंग टेबल टैनिस चैंपियनशिप में आशा ने कृति को हराया

पंचकूला। श्रीमाता मनसा देवी गोधाम में टेबल टेनिस एसोसिएशन पंचकूला द्वारा आयोजित चार दिवसीय पहली हरियाणा राज्य रैंकिंग टेबल टैनिस चैंपियनशिप के दौरान खिलाडिय़ों के बीच मुकाबले जारी हैं। टेबल टेनिस एसोसिएशन जिला पंचकूला के वरिष्ठ उपप्रधान मयंक गोयल, महासचिव नलिन सोमानी और वित्तसचिव मनमोहन गोयल ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश भर से लगभग 600 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
मयंक गोयल ने बताया कि उपमुख्यमंत्री एवं हरियाणा टेबल टेनिस फैडरेशन के प्रधान दुष्यंत चैटाला प्रदेश में टेबल टैनिस खेल को बढ़ावा दे रहे हैं। टेबल टेनिस के टूर्नामेंट करवाकर खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। आज हरियाणा की खेल नीति देश में सर्वश्रेष्ठ खेल नीति मानी जाती है और दूसरे राज्यों के खिलाड़ी भी हरियाणा की ओर से खेलने की जिज्ञासा रखते हैं। हरियाणा सरकार द्वारा ओलंपिक में स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक विजेता खिलाडिय़ों को क्रमश: 6 करोड़, 4 करोड़ और 2.5 करोड़ की राशि ईनाम स्वरूप देने के साथ-साथ सरकारी नौकरी भी दो जाती है। मयंक गोयल ने बताया कि शुक्रवार को अंडर 17 ग्रुप 9 लड़कियों के मुकाबले में रोहतक की आशा ने यमुनानगर की कृति को हराया। अंडर 17 ग्रुप एक में मनल अंतल पंचकूला ने गुरुग्राम की संजना को, ग्रुप 5 में झज्जर की सुकृति गांधी ने कनक राठी रेवाड़ी को हराया। वहीं अंडर 17 लडक़ों के मुकाबले में ग्रुप 5 में फरीदाबाद के शिवांश अदलखा ने नूंह के नीरज सिंह को हराया। ग्रुप 4 ने गुरुग्राम के दक्षिल जैन ने अंबाला के रिदम गौतम को हराया। वूमेंस सिंगल्स मुकाबले में मनल अंतल ने भिवानी की महक गोयल को हराया। अंडर 19 ग्रुप 5 मुकाबले में दीवा आहूजा फतेहाबाद में प्रियंका यमुनानगर को हराया। अंडर-19 लड़कियों के मुकाबले में प्रियंका शर्मा रेवाड़ी ने यमुनानगर की अंजलि को हराया। इस चैंपियनशिप में लडक़े व लड़कियों के अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17, अंडर-19 मुकाबले करवाए जाएंगे। इसके अलावा 40 साल से उपर आयु वर्ग के महिला व पुरूष तथा 50 वर्ष से उपर आयु वर्ग के महिला व पुरूषों के मुकाबले भी करवाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.