अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के लिए 100 किलोमीटर के दायरे में चलेंगी विशेष बसें

चंडीगढ़ । अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव  के लिए 100 किलोमीटर के दायरे में विशेष मेला बसें चलाई जाएंगी। यह बस सेवा एक दिसम्बर से 10 दिसम्बर तक रहेगी और 9 जिलों के पर्यटकों को इसका फायदा होगा। इन जिलों में 100 बसें चलाई जाएंगी। अहम पहलू यह है कि यात्रियों को टिकट पर 50 फीसदी छूट भी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल सोमवार को हरियाणा निवास में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2019 का आयोजन 23 नवम्बर से 10 दिसम्बर तक चलेगा। इस महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम 3 से 8 दिसम्बर तक होंगे। इस महोत्सव के लिए सरकार की तरफ से एक दिसम्बर से 10 दिसम्बर तक 100 किलोमीटर के दायरे में आने वाले पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, जींद व सोनीपत जिलों में स्पेशल मेला सेवा शुरू की जाएगी। इन बसों का बकायदा शैड्यूल तैयार किया जाएगा और कूपन सेवा भी शुरू होगी। पहले कूपन लेने वाले यात्रियों को किराए में 50 फीसदी छूट दी जाएगी। 
उन्होंने कहा कि इन जिलों के तीर्थ यात्रियों को इस बस सेवा का फायदा मिलेगा और अधिक से अधिक लोग अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के कार्यक्रमों सहित सरस और शिल्प मेले के आयोजन को देख सकेंगे। आसपास के जिलों में बस सेवा एक से अधिक चक्कर लगाएगी और दूर के जिलों में बस यात्रियों की सुविधा के अनुसार चलेगी। 
जिला स्तर पर 6 से 8 दिसम्बर तक होंगे तीन दिवसीय कार्यक्रम 
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 6 से 8 दिसम्बर तक जिला स्तर पर गीता महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में सेमीनार, प्रदर्शनी और शोभायात्राओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा लोक कलाकारों द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी जाएगी।
48 कोस के तीर्थों पर आयोजित होंगे कार्यक्रम
कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की ओर से पहली बार अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव को व्यापक रूप देने के लिए 48 कोस के तीर्थों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 41 तीर्थों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भजन संध्या व सायंकालीन आरती होगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.