अतुल्य भारत का लोगो नजर आएगा अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में : मनोहर लाल

चंडीगढ़ । मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अतुल्य भारत (इनक्रिडिबल इंडिया) का लोगो अब अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में नजर आ रहा है। इस महोत्सव को अतुल्य भारत के साथ जोड़कर कुरुक्षेत्र का मान पूरे देश में बढ़ाने का केन्द्र और राज्य सरकार ने किया है। अतुल्य भारत का लोगो प्रयोग करने की अनुमति भारत सरकार के केन्द्र पर्यटन मंत्रालय द्वारा कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड को दे दी है। अब यह लोगो केवल अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के लिए ही प्रयोग होगा। इस उपलब्धि से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का दर्जा ओर अधिक बढ़ गया है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल सोमवार को हरियाणा निवास में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड द्वारा बहुत समय से कुरुक्षेत्र पर्यटन नगरी और अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव को इनक्रिडिबल इंडिया के साथ जोड़ने के प्रयास चल रहे थे। इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष रखा गया और इस प्रस्ताव को केन्द्र सरकार द्वारा स्वीकार कर लिया गया है। राज्य सरकार के प्रस्ताव पर मोहर लगाते हुए भारत सरकार के केन्द्रीय पर्यटन मंत्रालय द्वारा कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड को केवल अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के लिए अतुल्य भारत (इनक्रिडिबल इंडिया) का लोगो के प्रयोग करने की अनुमति दे दी है।
उन्होंने कहा कि अतुल्य भारत का लोगो प्रयोग करने से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का प्रचार-प्रसार पूरे भारत वर्ष में होगा और लाखों लोग महोत्सव के साथ जुड़ेंगे। इस लोगो का प्रयोग 23 नवम्बर से लेकर 10 दिसम्बर 2019 तक किया जाएगा। यह लोगो इलेक्ट्रोनिक व प्रिंट मीडिया, वेबसाइट पोर्टल और प्रचार-प्रसार के मैटिरियल पर किया जा सकेगा। इसके अलावा बैनर, होर्डिंग्स और पोस्टर पर भी इनक्रिडिबल इंडिया का लोगो अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव की शान को बढ़ाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत देश एक निसंदेह अतुल्य भारत है, जिसकी तुलना विश्व के किसी भी देश से नहीं की जा सकती है। अतुल्य भारत से हमारा तात्पर्य पर्यटक दृष्टि से भारत का विश्व में विशाल स्थान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से कुरुक्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से अंतरराष्ट्रीय मुकाम हासिल कर पाया है। सरकार के प्रयासों से ब्रह्मसरोवर को देश के पहले 30 स्पेशल एसआईपी में शामिल किया गया। पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा ब्रह्मसरोवर को ओर अधिक स्वच्छ बनाया जा रहा है। इसके अलावा इंडियन आयल कारपोरेशन को कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के साथ एसआरपी पार्टनर बनाया गया है, जिसके सहयोग से ब्रह्मसरोवर परिसर की सफाई  उच्च गुणवत्ता वाली मशीनों द्वारा की जाएगी। इतना ही नहीं 18 हजार बच्चों द्वारा किया जाने वाला 18 अध्यायी गीता पाठ का कार्यक्रम भी वर्ल्ड बुक ऑफ रिकार्ड में शामिल किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.