अरुण जेटली के निधन से छत्तीसगढ़ भाजपा में शोक की लहर

रायपुर । भाजपा के वरिष्ठ नेता और देश के पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन से छत्तीसगढ़ भाजपा में शोक की लहर दौर गई है। पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह समेत सभी नेता उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देने वाले लोगों का तांता लगा हुआ है। सभी अपने चहेते नेता के साथ बिताए हुए पलों को याद कर रहे हैं। प्रदेश भाजपा ने अरुण जेटली के छत्तीसगढ़ दौरे की कई तस्वीरों भी साझा की है। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने अपने शोक संदेश में कहा कि पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली जी के निधन समाचार से हृदय को गहरा दु:ख पहुंचा है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं शोक-संतप्त परिजनों को इस दु:ख की घड़ी में धैर्य व संबल प्रदान करें। प्रदेश से राज्य सभा सांसद सरोज पांडेय ने शोक जताते हुए कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री अरूण जेटली जी के निधन से स्तब्ध हूं। आज देश ने एक आदर्श नेता खो दिया। उनकी रिक्तता पूर्ति असम्भव है। ईश्वर पुण्य आत्मा को अपने चरणो में स्थान दे। ॐ शान्ति..शान्ति। प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने अरुण लेटली के निधन पर शोक प्रकट किया और कहा कि भाजपा के हमारे वरिष्ठ नेता पूर्व वित्त मंत्री श्रध्येय अरुण जेटली के निधन की खबर हृदय विदारक है। सुप्रीम कोर्ट के एक सफल वकील, एक जनप्रिय राजनेता व बेहतर संगठनकर्ता के रूप में वे सदा याद किए जाएंगे। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। ॐशांति। प्रदेश के पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने शोक जताते हुए कहा कि सहज विश्वास नहीं हो रहा कि अरुण जेटलीजी अब हमारे बीच नहीं रहे! कानून और वित्तीय मामलों में उनका अध्ययन काफी गहरा था। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दे और परिवार को ये अपार दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करे! प्रदेश भाजपा के कई नेता रविवार सुबह अरुण जेटली को श्रद्धांजलि देने रायपुर से दिल्ली जा रहे हैं। प्रदेश भाजपा मुख्यालय से मिली खबरे मुताबिक, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डां रमन सिंह व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक सहित पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी दिल्ली जाएंगे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.