अर्ध विक्षिप्त महिला को पुलिस ने पंजाब से आये परिजनों को सौंपा, छलके खुशी के आंसू

वाराणसी । लम्बे समय से घर से गायब एक अर्ध विक्षिप्त महिला को जैतपुरा पुलिस ने काफी खोजबीन के बाद बुधवार को उसके परिजनों को सौंप दिया। महिला को सामने देख उसके परिजन खुशी से रो पड़े और पुलिस की इस पहल की जमकर सराहना की।

पंजाब के भटिंडा गोनियाना मंडी निवासी कृष्णा देवी पुत्री भाल सिंह (48) अर्ध विक्षिप्त है। कुछ समय पहले अचानक घूमते—घूमते वह घर से गायब हो गई। कृष्णा देवी के भाई देव सिंह और अन्य परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की। इसके बाद थाने में महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करायी। लगभग दस दिन पूर्व यहां जैतपुरा थाना प्रभारी शशीभूषण राय अपने हमराहियों के साथ अलईपुर स्थित वाराणसी सिटी स्टेशन के बाहर गश्त कर रहे थे। 

इसी दौरान परिसर में अर्ध विक्षिप्त महिला को देख उन्होंने आसपास के दुकानादारों से पूछताछ की। इसके बाद महिला को सामाजिक कार्यकर्ता कबीर के घर भेजकर खाना खिलवाया गया। इसके बाद पुलिस अपने और अन्य सूत्रों से प्रयास कर महिला के घर का पता तलाशने में जुट गई। आखिरकार पुलिस को इसमें सफलता मिली और महिला के परिजनों को इसकी सूचना दी। इस पर भाई देव सिंह और अन्य परिजन थाने पहुंचे तो सामने बहन को देख वृद्ध देव सिंह रोने लगे। जैतपुरा पुलिस ने औपचारिकता पूरी करने के बाद महिला को घर वालों के सुपुर्द कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.