जो देश की रक्षा नहीं कर सके, वह सपूत नहीं कपूत हैं : मुख्यमंत्री

कुरुक्षेत्र । हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि कांग्रेस देश को केवल भूमि का टुकड़ा समझती है। मगर भाजपा देश को मां मानती है। कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में देशद्रोह के कानून को खत्म करने की बात कर रही है। वे भारत माता की रक्षा करने की बजाय केवल देश को तोड़ने की साजिश रच रहे हैं। हरियाणा में एक कहावत है कि जो अपनी मां की रक्षा नहीं कर पाता है, वह सपूत नहीं कपूत होता है। इसलिए कांग्रेस वाले कपूत हैं, जो भारत माता को कमजोर करने की साजिश रच रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह बात बुधवार को लाडवा में आयोजित विजय संकल्प रैली में कही।
मुख्यमंत्री खट्टर ने विपक्षियों पर तंज सकते हुए कहा कि विपक्षियों को सुधारना आता है। विपक्ष केवल जनता को गुमराह कर रहा है, लेकिन उसका भी इलाज जनता ही करेगी। जनता 12 मई को आइना दिखाएगी और 23 मई को तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी। कहा है कि प्रदेश सरकार ने बिना किसी भेदभाव के प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में चहुंमुखी विकास करने का काम किया है। भाजपा सरकार के पिछले पांच साल के शासनकाल में रिकार्ड विकास कार्यों से विपक्षी दलों की नींद उड़ गयी है। विशेषकर कांग्रेस पार्टी को भाजपा की उपलब्धियां पच नहीं पा रही हैं। केंद्र की मोदी सरकार ने पांच साल के शासनकाल में वे कार्य कर दिखाए हैं, जो कांग्रेस अपने 55 साल के शासनकाल में भी नहीं कर पाई थी। 
कांग्रेस है भ्रष्टाचार की जननी
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। कांग्रेस के समय सबसे ज्यादा घोटाले हुए। इतना ही नहीं सरकारी नौकरियों में भी कांग्रेस ने सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार किया है, लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार को समाप्त करने का काम किया है। 
बिना खर्ची व पर्ची लगी नौकरियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने पहली बार मेरिट के आधार पर युवाओं को नौकरियां देने का काम किया गया। सरकार ने बिना खर्ची व पर्ची के नौकरियां लगाने का काम किया। सरकार की इस पालिसी के तहत ऐसे गरीब परिवारों व मेरिट में स्थान पाने वाले युवाओं को भी सरकारी नौकरी में आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। कहा कि कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक पूरे भारत में भाजपा का डंका बज रहा है। कुरूक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार व राज्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता का पता उसके घोषणा पत्र से चल चुका है। इस देश की जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह से सबक सिखाने का फैसला कर लिया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.