ढाई हजार बेड वाला अस्पताल बनेगा आ.ई.जी.आ.एम.एस : नीतीश कुमार

पटना । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार  को पटना स्थित इन्दिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान के परिसर में 500 बेडवाले अस्पताल भवन का शिलान्यास  और भूमि पूजन कर कार्यारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुये नीतीश कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को इस बात के लिए बधाई देता हूं कि आज 500 बेड के अस्पताल का निर्माण कार्य शुरू हुआ है। हमलोगों का लक्ष्य आई.जी.आई.एम.एस. को 2500 बेड का अस्पताल बनाना है। 1200 बेड का डी.पी.आर. बनकर तैयार है, जल्द ही स्वीकृत कर उसका भी टेंडर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आई.जी.आई.एम.एस. के और विस्तारीकरण की सोच हमलोगों ने पहले से बना रखी है। यहां कैंसर संस्थान भी कार्य कर रहा है। अन्य प्रकार की बीमारियों का भी इलाज बेहतर तरीके से किया जा रहा है। यहां के निदेशक पूरी गंभीरता और निष्ठा के साथ काम कर रहे हैं।

नीतीश कुमार ने कहा कि हमारी रूचि आई.जी.आई.एम.एस. को एम्स दिल्ली की तरह बनाना है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों, नर्स, पारा मेडिकल स्टाफ, प्रशासनिक अधिकारी, विशेषज्ञों एवं अन्य जरुरतों के लिए राज्य सरकार संसाधन उपलब्ध कराने में पीछे नहीं रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में मुजफ्फरपुर में जिन बच्चों की मृत्यु हुई है, वह बहुत ही दुखद है। हमलोगों को इससे काफी पीड़ा और तकलीफ हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने अपनी एक टीम इसके लिए भेजी है और इसके लिए किये जा रहे उपायों का भी जायजा लेगी। इसके लिए जागरुकता अभियान चलाने की भी जरुरत है ताकि अपने बच्चों की हिफाजत लोग अच्छे ढंग से कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना के आंकड़े से पता चलता है कि दस वर्षों में राज्य की जनसंख्या में 23 से 24 प्रतिशत वृद्धि होती है। प्रजनन दर कम करने के लिए हमलोग काम कर रहे हैं। 

कार्यक्रम के दौरान 500 शैय्या वाले आई.जी.आई.एम.एस.भवन का एक प्रजेंटेशन भी मुख्यमंत्री को दिखाया गया। कार्यक्रम को केन्द्रीय कानून, संचार, सूचना एवं प्रोद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद, उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय, विधायक संजीव चौरसिया, स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार, आई. जी. आई. एम. एस. के निदेशक प्रो.डॉ. एन. आर. विश्वास ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.