दो लाख मुसलमान करेंगे बिना सब्सिडी के हज यात्राः नकवी

नई दिल्ली । केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि वर्ष 2019 में दो लाख भारतीय मुसलमान बिना किसी सब्सिडी के हज यात्रा करेंगे। मोदी सरकार ने हज सब्सिडी के ‘छल’ को ‘ईमानदारी के बल’ से ख़त्म किया है।

मंगलवार को हज कोर्डिनेटर, हज असिस्टेंट आदि के दो दिवसीय ट्रेनिंग कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए नकवी ने कहा कि हमारी ईमानदार-पारदर्शी व्यवस्था का नतीजा है कि सब्सिडी ख़त्म होने के बाद भी हज यात्रियों पर गैर जरूरी बोझ नहीं पड़ने पाया और देश के इतिहास में सबसे ज्यादा भारतीय मुसलमान इस वर्ष हज यात्रा पर जाएंगे।

नकवी ने कहा कि हज यात्रियों की सुरक्षा एवं बेहतर सुविधा सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार ने प्रभावी कदम उठाये हैं और इस विषय पर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हज 2019 पर जाने वाले हज यात्रियों की सहायता के लिए 620 हज कोर्डिनेटर, असिस्टेंट हज अफसर, हज असिस्टेंट, डॉक्टर, पारा-मेडिक आदि की सऊदी अरब में नियुक्ति की गई है, जिसमे बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि देश भर के 21 हवाई अड्डों से 500 से ज्यादा फ्लाइटों के जरिये रिकॉर्ड दो लाख भारतीय मुसलमान बिना किसी सब्सिडी के इस वर्ष हज पर जाएंगे। इन हज यात्रियों में एक लाख 40 हजार हज यात्री हज कमिटी ऑफ इंडिया और 60 हजार हज यात्री हज ग्रुप ऑर्गनाइजर (एचजीओ) के जरिए हज करने जाएंगे। हज समूह आयोजकों को भी 10 हजार हज यात्रियों को हज कमेटी ऑफ इंडिया के निर्धारित पैकेज पर ही ले जाना होगा।

नकवी ने कहा कि इस वर्ष बिना मेहरम (पुरुष रिश्तेदार) के हज यात्रा पर जाने वाली महिलाओं की संख्या पिछले वर्ष के मुकाबले दोगुनी होगी। इस वर्ष 2340 महिलाएं बिना मेहरम के हज पर जा रही हैं, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 1180 थी। पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी बिना मेहरम के हज पर जाने के लिए आवेदन करने वाली इन सभी महिलाओं को बिना लाटरी के हज यात्रा पर जाने की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त भारत से जाने वाले 2 लाख हज यात्रियों में लगभग 48 प्रतिशत महिलाएं शामिल हैं।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि हज के लिए उड़ान 04 जुलाई 2019 से शुरू हो रही हैं। 04 जुलाई को दिल्ली, गया, गुवाहाटी, श्रीनगर से उड़ाने शुरू होंगी। बंगलुरु (07 जुलाई), कालीकट (07 जुलाई), कोचीन (14 जुलाई), गोवा (13 जुलाई), मंगलोर (17 जुलाई), मुंबई (14 जुलाई, 21 जुलाई), श्रीनगर (21 जुलाई) से हज यात्री रवाना होंगे। दूसरे चरण में अहमदाबाद (20 जुलाई), औरंगाबाद (22 जुलाई), भोपाल (21 जुलाई), चेन्नई (31 जुलाई), हैदराबाद (26 जुलाई), जयपुर (20 जुलाई), कोलकाता (25 जुलाई), लखनऊ (20 जुलाई), नागपुर (25 जुलाई), रांची (21 जुलाई) और वाराणसी (29 जुलाई) को हज यात्री जाना शुरू होंगे।

अल्पसंख्यक कार्यमंत्री ने कहा कि सऊदी अरब द्वारा भारत का हज कोटा दो लाख किये जाने का नतीजा है कि आजादी के बाद पहली बार उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, बिहार सहित देश के सभी बड़े प्रमुख राज्यों से सभी हज आवेदक हज 2019 पर जा रहे हैं।

हज यात्रियों की मेडिकल सुविधा के लिए मक्का में 16 और मदीना में 3 हेल्थ सेंटर की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा मक्का में 3 हॉस्पीटल और मदीना में एक हॉस्पिटल की व्यवस्था की गई है। इस दो दिवसीय ट्रेनिंग कार्यक्रम में हज पर नियुक्त किये जाने वाले कोर्डिनेटर, असिस्टेंट आदि को हज से सम्बंधित विभिन्न प्रक्रियाओं, मक्का-मदीना में हाजियों के आवास, यातायात, स्वास्थ्य, सुरक्षा से सम्बंधित मुद्दों की जानकारी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.