पर्यावरण के संरक्षण की जिम्मेदारी भी मनुष्य की ही है-कुलभूषण गोयल

पंचकूला। पंचकूला के महापौर कुलभूषण गोयल ने कहा है कि प्रकृति और पर्यावरण एक दूसरे का अभिन्न हिस्सा हैं। कोई भी व्यक्ति या वस्तु चाहे वो सजीव हो या निर्जीव, पर्यावरण के अन्तर्गत ही आती है। पर्यावरण से हमें बहुत कुछ मिलता है, लेकिन बदलें में हम क्या करते हैं? हम अपनी स्वार्थ सिद्धि के लिए इस पर्यावरण और इसकी अमूल्य संपदा का हनन करने पर तुले हैं। हमें पर्यावरण बचाने के लिए मिलकर प्रयास करना होगा। महापौर रविवार को पर्यावरण संरक्षण विभाग भाजपा जिला पंचकूला की ओर से विश्व पर्यावरण दिवस पर मेरा पेड़, मेरी जिम्मेदारी मुहिम के तहत आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में सेक्टर 26 पोलीटेक्नीक में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में बोल रहे थे। कुलभूषण गोयल ने कहा कि हमारे द्वारा कि गई हर अच्छी और बुरी गतिविधि का असर पर्यावरण पर पड़ता है। इस प्रकृति पर मानव ही सबसे अधिक बुद्धिशील प्राणी माना जाता है। अत: पर्यावरण के संरक्षण की जिम्मेदारी भी मनुष्य की ही है। कुलभूषण गोयल ने कहा कि पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाना ही पर्यावरण संरक्षण कहलाता है। पर्यावरण संरक्षण का मुख्य उद्देश्य भविष्य के लिए पर्यावरण या प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना है। इस सदी में हम लोग विकास के नाम पर पर्यावरण को लगातार नुकसान पहुंचा रहे हैं। अब हम ऐसी स्थिति में पहुंच गए हैं कि हम पर्यावरण संरक्षण के बिना इस ग्रह पर लंबे समय तक जीवित नहीं रह सकते हैं। इसलिए हम सभी को पर्यावरण संरक्षण पर ध्यान देना चाहिए। अधिक से अधिक पौधे लगाने पर ध्यान देना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.