रांची संसदीय क्षेत्र: सांसद पोद्दार ने संजय सेठ को जिताने की अपील की
रांची, भाजपा सांसद महेश पोद्दार ने रांची संसदीय क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार संजय सेठ को विजयी बनाने की अपील की है।
राज्यसभा सांसद पोद्दार ने शनिवार को यहां कहा कि भाजपा ने एक उद्यमी व्यापारी संजय सेठ को रांची लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है। उन्हें विश्वास है कि क्षेत्र की जनता संजय सेठ को भी वही स्नेह, समर्थन और शक्ति देंगे। उन्होंने कहा कि वे गारंटी दे सकते हैं कि संजय सेठ जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे और किसी भी मामले में वे लोगों को निराश नहीं करेंगे। संजय सेठ एमबीए और एलएलबी किए हुए हैं। उन्होंने कहा कि संभवतः पहली बार रांची लोकसभा क्षेत्र को इतना सुशिक्षित और उच्च शैक्षणिक पृष्ठभूमि का उम्मीदवार मिला है। उन्होंने बताया कि संजय सेठ सदैव बड़ी चुनौतियां स्वीकार करने को तत्पर रहते हैं। वर्ष 1992 में जब भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को गिरफ्तार किया गया था तो संजय सेठ भी गिरफ्तार हुए थे और 20 दिनों तक रांची केंद्रीय कारागार में रहे थे। पोद्दार ने सभी से अपील की है कि लोग न सिर्फ इनके पक्ष में अपने मताधिकार का प्रयोग करें बल्कि इनके पक्ष में जनमत तैयार करने में अपने संपर्काें का इस्तेमाल भी करें।