हरियाणा में हो रहा कांग्रेस का सफाया, सैलजा दें इस्तीफा-रंजीता मेहता

पंचकूला। हरियाणा भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता रंजीता मेहता ने कहा है कि ऐलनाबाद में आए चुनाव नतीजों से एक बात साफ हो गई है कि प्रदेश में किसान आंदोलन का कोई असर बाकी नहीं रह गया है। किसानों के नाम पर केवल कुछ लोग विरोध कर रहे हैं। लोगों द्वारा भाजपा के पक्ष में खुलकर मतदान किया गया है। भारतीय जनता पार्टी लगातार आगे बढ़ रही है और आने वाला समय भाजपा के लिए शानदार रहने वाला है। रंजीता मेहता ने कहा कि प्रदेश से कांग्रेस का लगातार सफाया हो रहा है। यदि कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा में थोड़ी सी भी नैतिकता है, तो उन्हें तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। रंजीता मेहता ने कहा कि जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह से नकार दिया है और राष्ट्रीय दल के रूप में लोगों के पास अब भाजपा ही एक विकल्प है। उन्होंने कहा कि ऐलनाबाद की जनता ने जिस प्रकार भाजपा उम्मीदवार गोबिंद कांडा के पक्ष में मतदान किया, उससे वह एक योद्धा के रूप में उभर कर सामने आए हैं। इस चुनाव में किसान आंदोलन के नाम पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने वालों पर जनता ने कड़ा प्रहार किया है। राकेश टिकैत जो जीत को सवा करना चाहते थे, वह आधी रह गई। रंजीता मेहता ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ के नेतृत्व में भाजपा का हर कार्यकर्ता मजबूती से काम कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.