चरखी दादरी: भाजपा विधायक सुनील सतपाल सांगवान ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी ने सदियों पहले जिस समतामूलक और प्रेमपूर्ण समाज की कल्पना की थी, उसकी आवश्यकता आज भी उतनी ही है। संत गुरु रविदास जी का संदेश केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने, आपसी दूरियां समाप्त करने और प्रत्येक मनुष्य को समान सम्मान देने की प्रेरणा देता है। हरियाणा की छत्तीस बिरादरी जब आपसी प्रेम, विश्वास और भाईचारे के साथ एकजुट होकर आगे बढ़ेगी, तभी संत गुरु रविदास महाराज जी की शिक्षाओं का वास्तविक उद्देश्य सार्थक होगा।
विधायक सुनील सतपाल सांगवान सोमवार को चरखी दादरी स्थित अपने कार्यालय में संत गुरु रविदास महाराज जी के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा के संदर्भ में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस अवसर पर भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील इंजीनियर और भाजपा जिला अध्यक्ष राष्ट्रदीप परमार सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सुनील सतपाल सांगवान ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज जी ने समाज को सिखाया कि मनुष्य की पहचान उसकी जाति, वर्ग या आर्थिक स्थिति से नहीं, बल्कि उसके विचारों, कर्मों और आचरण से होनी चाहिए। उन्होंने ऐसे समाज का स्वप्न देखा था, जहां ऊंच-नीच का कोई स्थान न हो, किसी के साथ भेदभाव न किया जाए और प्रत्येक व्यक्ति आत्मसम्मान के साथ जीवन जी सके। उनकी वाणी मानवता, करुणा, सदाचार और परस्पर सहयोग का ऐसा मार्ग दिखाती है, जिस पर चलकर सामाजिक दूरियों को समाप्त किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान हमेशा से छत्तीस बिरादरी के साझा संस्कारों, परंपराओं और भाईचारे से रही है। हमारे सुख-दुख साझे हैं, हमारे त्योहार साझे हैं और हमारी सामाजिक विरासत भी साझी है। समाज में अलग-अलग विचार और परंपराएं हो सकती हैं, लेकिन मन में किसी के प्रति कटुता, ईर्ष्या अथवा वैरभाव नहीं होना चाहिए। प्रत्येक समाज और प्रत्येक वर्ग का सम्मान करना ही हमारी संस्कृति की सबसे बड़ी विशेषता है।