चंडीगढ़: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय सचिव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं हरियाणा के पूर्व कृषि मंत्री श्री ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि समरसता केवल एक विचार नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी की मूल विचारधारा है। हरियाणा की छत्तीस बिरादरी का आपसी विश्वास, सम्मान और भाईचारा प्रदेश की सबसे बड़ी सामाजिक ताकत है। समाज की वास्तविक उन्नति तभी संभव है, जब सभी वर्ग एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनें और बिना किसी भेदभाव के आगे बढ़ें। सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज ने सदियों पहले इसी सामाजिक एकता और समानता का मार्ग दिखाया था। उनके 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा इसी महान संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अभियान है।
श्री ओम प्रकाश धनखड़ मंगलवार को झज्जर स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत की संत परंपरा ने सदैव समाज की बुराइयों को दूर करने और मानवता को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया है। सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां किसी व्यक्ति की पहचान जाति या जन्म के आधार पर नहीं, बल्कि उसके कर्म और आचरण से हो। उनकी शिक्षाओं में सामाजिक न्याय, समान अवसर, प्रेम और मानवीय गरिमा का व्यापक संदेश समाहित है।