चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को गुरुग्राम में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) तथा नगर निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए शहर की स्वच्छता, सीएंडडी वेस्ट (निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट) के प्रबंधन, जलभराव की रोकथाम, सड़क, पेयजल एवं सीवरेज की मिसिंग लिंक परियोजनाओं सहित विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुरुग्राम की व्यवस्थाओं के भीतर धरातल पर स्पष्ट बदलाव दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार के पास विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं है। अधिकारी पूरी ईमानदारी, जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों को धरातल पर उतारें। उन्हें केवल कार्यों की प्रगति की रिपोर्ट नहीं, बल्कि उनके वास्तविक परिणाम दिखाई देने चाहिए।
बैठक में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर तथा गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, हरियाणा सरकार के शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार डी.एस.ढेसी, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डॉ यशपाल यादव, भी मौजूद रहे।