शिमला : भाजपा सांसद व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर केंद्र सरकार की योजनाओं का राजनीतिक श्रेय लेने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार विकास कार्यों से अधिक उद्घाटन समारोहों और प्रचार की राजनीति में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान के अंतर्गत हिमाचल में हवाई सेवाओं और हेलीपोर्टों का विकास किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस सरकार इन उपलब्धियों को अपनी उपलब्धि बताकर जनता के सामने प्रस्तुत करने का प्रयास कर रही है।
सुरेश कश्यप ने कहा कि संसद में प्रस्तुत आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार जून 2024 तक हिमाचल प्रदेश में उड़ान योजना के अंतर्गत विमानन अवसंरचना के लिए 213.52 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे, जिनमें से 160.48 करोड़ रुपये का उपयोग दर्ज किया गया था। फरवरी 2026 तक प्रदेश में 38 क्षेत्रीय हवाई मार्ग परिचालित किए जा चुके थे और चार हेलीपोर्ट क्षेत्रीय हवाई संपर्क से जुड़ चुके थे। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े केंद्र सरकार की हिमाचल के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
कश्यप ने सवाल उठाया कि जब योजना केंद्र सरकार की है, वित्तीय सहायता केंद्र की है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दूरदराज क्षेत्रों को हवाई संपर्क से जोड़ने का अभियान चल रहा है, तो उद्घाटन समारोहों में प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार के योगदान को उचित स्थान क्यों नहीं दिया जा रहा?