पंचकूला: राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, जयपुर के रचना शारीर विभाग के विभागाध्यक्ष तथा डीन ऑफ स्टूडेंट वेलफेयर एंड एलुमनी अफेयर्स प्रोफेसर सुनील कुमार यादव ने कहा कि भारतीय प्राचीन चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रही है। डब्ल्यूएचओ की ओर से पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के साथ विकास एवं अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए वैश्विक केंद्र स्थापित किया गया है।
प्रोफेसर यादव राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए), पंचकूला में बीएएमएस के नवांगुतक विद्यार्थियों के लिए चल रहे 15 दिवसीय ट्रांजिशनल करिकुलम कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। डीन इंचार्ज प्रोफेसर सतीश गंधर्व ने प्रोफेसर सुनील कुमार यादव को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वाधान में संस्थान के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) संजीव शर्मा और डीन प्रोफेसर गुलाब चंद पमनानी के मार्गदर्शन में बीएएमएस तृतीय बैच के विद्यार्थियों को आयुर्वेद शिक्षा, पाठ्यक्रम और करियर बारे अवगत कराया जा रहा है।
प्रोफेसर सुनील कुमार यादव ने कहा कि आयुर्वेद केवल अब भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया के अनेक देशों में इसकी चिकित्सा पद्धति, औषधियों और ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ रही है। विद्यार्थियों के पास भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के अवसर हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को यह समझना होगा कि आयुर्वेद के क्षेत्र में वर्तमान में क्या बदलाव हो रहे हैं, देश-विदेश में कहां-कहां अवसर उपलब्ध हैं और उन अवसरों तक पहुंचने के लिए किस तरह की तैयारी जरूरी है। केवल पढ़ाई करने से लक्ष्य हासिल नहीं होता, बल्कि सही दिशा में कड़ी मेहनत भी जरूरी है।
प्रोफेसर यादव ने विद्यार्थियों को आह्वान किया कि हमें अपनी सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक ज्ञान को भी समझना चाहिए। विद्यार्थी आयुर्वेद को केवल एक चिकित्सा पद्धति या सीमित रोजगार के विकल्प के रूप में न देखें, बल्कि इसमें उपलब्ध राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अवसरों को पहचानें।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए), जयपुर में वर्तमान में लगभग 17 देशों के विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इनमें नेपाल जैसे पड़ोसी देशों के अलावा ब्राजील और अमेरिका सहित अन्य देशों के विद्यार्थी भी शामिल हैं। इसलिए विद्यार्थियों को आयुर्वेद के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं को सीमित नजरिये से नहीं देखना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा, अनुसंधान और चिकित्सा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर तलाशने चाहिए। मंच का संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आकांक्षा राणा ने किया। इस अवसर पर रचना शारीर विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर प्रह्लाद रघु व ट्रांजिशनल करिकुलम कमेटी के सचिव एवं असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. धवल जी मकवाना प्रमुख रूप से मौजूद रहे।