पंचकूला: उपायुक्त एवं मिशन डायरेक्टर निपुण पंचकूला श्री सतपाल शर्मा की देख रेख में चल रहे निपुण मिशन के अंतर्गत जिला पंचकूला की स्टीयरिंग कमेटी की बैठक आज आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सिटी मजिस्ट्रेट सुश्री जागृति ने की। बैठक में जिले में प्रारंभिक स्तर पर बच्चों की भाषा एवं गणितीय दक्षताओं को मजबूत करने, विभिन्न निपुण गतिविधियों की समीक्षा तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमन चौधरी, जिला परियोजना समन्वयक जोगिंन्द्र तथा जिला एफएलएन समन्वयक असिन्द्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी एवं अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिला एफ एल एन समन्वयक असिन्द्र कुमार ने पीपीटी के माध्यम से जिले की प्रगति को प्रस्तुत किया।
बैठक के दौरान जिले में आयोजित निपुण पजल एवं पैटर्न चैंपियनशिप तथा निपुण रामलीला की सफलता पर चर्चा की गई। इन गतिविधियों को बच्चों में तार्किक सोच, रचनात्मकता, समस्या समाधान कौशल, आत्मविश्वास एवं सांस्कृतिक मूल्यों के विकास का प्रभावी माध्यम बताया गया।
जिले में चल रहे छह दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए शिक्षकों को शिक्षण सहायक सामग्री, शिक्षक संदर्शिका, कार्यपुस्तिकाओं तथा प्रभावी शिक्षण विधियों के माध्यम से बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया। विद्यालय निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग लक्ष्यों की समीक्षा के दौरान नियमित विद्यालय भ्रमण, बच्चों के सीखने के स्तर का आकलन तथा कमजोर प्रदर्शन वाले विद्यालयों में विशेष सहयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में बरवाला एवं पिंजौर ब्लॉक के 40 विद्यालयों में संचालित कैप्सूल स्कूल सपोर्ट कार्यक्रम की प्रगति पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम के प्रथम चरण के आकलन, उपचारात्मक कार्यपत्रकों तथा दक्षता आधारित शिक्षण गतिविधियों से प्राप्त परिणामों की समीक्षा करते हुए इसे 20 अतिरिक्त विद्यालयों तक विस्तारित कर कुल 60 विद्यालयों में लागू करने की योजना पर विचार किया गया।
इसके अतिरिक्त होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड, शिक्षक हैंडआउट्स, विद्यालयों में स्मार्ट टीवी के माध्यम से शिक्षण, बालवाटिका-3 एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को सुदृढ़ बनाने तथा बच्चों के लिए अनुकूल शिक्षण वातावरण विकसित करने जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वित प्रयासों, नियमित समीक्षा एवं प्रभावी कार्यान्वयन के माध्यम से जिले के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने तथा पंचकूला को निपुण जिला बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करने पर बल दिया गया।