भिवानी : स्थानीय जिला भाजपा कार्यालय में वीरवार को संविधान दिवस भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक के नेतृत्व में मनाया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक सहित उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भारत रत्न बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और भारतीय संविधान के निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को नमन किया। कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना का स्मरण करते हुए संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की गई।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को ऐसा संविधान दिया, जिसने प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार सुनिश्चित किया। भारतीय संविधान केवल कानूनों का संग्रह नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार है। बाबा साहेब का जीवन सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष की प्रेरणा देता है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए विरेंद्र कौशिक कहा कि आज कांग्रेस संविधान की रक्षा की बातें करती है, लेकिन देश के इतिहास में आपातकाल का वह दौर भी दर्ज है, जब कांग्रेस शासनकाल के दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हुआ, प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाए गए और विपक्षी नेताओं को जेलों में बंद किया गया। कांग्रेस को अब संविधान पर राजनीति करने की बजाए अपने शासनकाल के दौरान इतिहास के इन काले अध्यायों का जवाब देश की जनता को देना चाहिए।
वीरेंद्र कौशिक ने कहा कि भाजपा के लिए संविधान का सम्मान केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि हमारी विचारधारा और कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों, उनके योगदान और सामाजिक न्याय के संकल्प को देशभर में सम्मान देने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। हम सभी का दायित्व है कि बाबा साहेब के आदर्शों को आत्मसात करते हुए सामाजिक समरसता, समानता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर जिला महामंत्री रमेश पचेरवाल, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप प्रजापति, जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष लवकेश बंटी, जिला युवा मोर्चा महामंत्री धीरज बापोड़ा, वरुण गौड़, कार्यालय सचिव इतेंदर शर्मा, जिला सोशल मीडिया सह प्रभारी जतिन चावला, सुनील शेखावत , जगबीर दहिया, मुकेश अजीतपुर,देव अग्रवाल सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।