भिवानी: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी में आज संविधान दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर बोर्ड उप-सचिव श्री ओ.पी. निंबीवाल के नेतृत्व में समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों ने बोर्ड परिसर में एकत्रित होकर भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया तथा संविधान के आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ ली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बोर्ड उप-सचिव ने कहा कि भारत का संविधान विश्व का सबसे बड़ा और जीवंत लिखित संविधान है, जो देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर तथा संविधान सभा के सभी सदस्यों के अमूल्य योगदान को नमन करते हुए कहा कि एक सशक्त और विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ अपने मौलिक कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से पालन करना चाहिए।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि लोक सेवा में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी व कर्मचारी का यह प्राथमिक दायित्व है कि वह संवैधानिक मूल्यों को अपने दैनिक कार्यव्यवहार में उतारे और पूरी पारदर्शिता, ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ विद्यार्थियों व आमजन के हित में कार्य करे।