भिवानी: भाजपा सरकार के शासन में देश की संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता, निष्पक्षता और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर लगातार उठ रहे सवालों के बीच पंचकूला में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा संविधान रक्षा मार्च एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस मौके पर पार्टी के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त एवं प्रदेश अध्यक्ष राव नरेन्द्र सिंह एवं अन्य नेताओं की उपस्थित में कांग्रेस उद्योग सेल के चेयरमैन अशोक बुवानीवाला ने अपना संबोधन देते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती स्वतंत्र एवं निष्पक्ष संवैधानिक संस्थाओं पर निर्भर करती है, लेकिन आज चुनाव आयोग जैसी महत्वपूर्ण संस्थाओं की विश्वसनीयता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने वाली प्रवृत्तियों के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि देश का संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों का सुरक्षा कवच है। लेकिन आज भाजपा सरकार के शासन में लोकतंत्र के मजबूत स्तंभ मानी जाने वाली संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। चुनाव आयोग जैसी महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका और विश्वसनीयता को लेकर जिस प्रकार लगातार सवाल उठ रहे हैं, वह देश के लोकतांत्रिक भविष्य के लिए चिंताजनक है।
अशोक बुवानीवाला ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाना और संविधान की मूल भावना की रक्षा करना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाने, नागरिक अधिकारों को कमजोर करने और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाली किसी भी प्रवृत्ति का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध होना चाहिए। कांग्रेस पार्टी इसी विचारधारा के साथ संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा किसी एक राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं, बल्कि देश के भविष्य, लोकतांत्रिक व्यवस्था और आने वाली पीढिय़ों के अधिकारों से जुड़ा विषय है। भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने वाली प्रवृत्तियों के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।